सरकारी स्कूलों की बढ़ी फीस के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, शुल्क वापस लेने की मांग

रायपुर में सरकारी स्कूलों की स्थानीय फीस बढ़ाए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने शिक्षा विभाग कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं ने जॉइंट डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई फीस को तुरंत वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि लोग पहले ही महंगाई से परेशान हैं, ऐसे में सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर फीस वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस आगे उग्र आंदोलन करेगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने हाल ही में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए सरकारी स्कूलों, स्वामी आत्मानंद स्कूलों और अनुदान प्राप्त स्कूलों में स्थानीय शुल्क बढ़ाने का आदेश जारी किया है।
नए आदेश के मुताबिक, हाई स्कूल के छात्रों की फीस 410 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी गई है। वहीं हायर सेकेंडरी स्कूलों में फीस 445 रुपये से बढ़ाकर 550 रुपये कर दी गई है। यानी हाई स्कूल के छात्रों को 90 रुपये और हायर सेकेंडरी के छात्रों को 105 रुपये ज्यादा देने होंगे।
प्रदेश में करीब 56 हजार स्कूल हैं, जिनमें लगभग 56 लाख छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें से 44 लाख से ज्यादा छात्र सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं। ऐसे में फीस बढ़ने से बड़ी संख्या में परिवारों पर आर्थिक असर पड़ सकता है।





