वार्ड क्रमांक 3 में सामुदायिक भवन निर्माण का भूमिपूजन, विधायक धर्मजीत सिंह ने की कई घोषणाएं

धर्मजीत सिंह ने बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 3 साईं नगर उस्लापुर अमेरी के कांटीधार क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इस दौरान पूजा विधानी भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने पार्षद किरण राजेंद्र टंडन के नेतृत्व में अतिथियों का भव्य स्वागत किया।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि सकरी क्षेत्र नगर निगम में शामिल होने के बाद लंबे समय तक विकास से वंचित रहा, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्होंने मंच से क्षेत्र के लिए कई अन्य विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।

महापौर पूजा विधानी ने कहा कि नगर निगम में शामिल हुए नए क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान सामुदायिक भवन निर्माण का जो वादा किया गया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है। महापौर ने कहा कि वार्ड में कई अन्य विकास कार्य भी प्रगति पर हैं, जिनका जल्द उद्घाटन किया जाएगा।

वार्ड पार्षद किरण राजेंद्र टंडन ने विधायक और महापौर का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से सामुदायिक भवन की मांग थी, जो अब पूरी हो रही है। उन्होंने बताया कि वार्ड में तालाब सौंदर्यीकरण, कामकाजी महिला हॉस्टल और बिजली सब स्टेशन जैसे कई बड़े कार्य भी निर्माणाधीन हैं।

पार्षद प्रतिनिधि राजेंद्र टंडन ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से वार्ड में लगातार करोड़ों रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले समय में यह ग्रामीण क्षेत्र भी शहर की तरह विकसित दिखाई देगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button