छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर: अगले 5 दिन लू का अलर्ट, बिलासपुर सबसे गर्म

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले 5 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि इस दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। बीते 24 घंटों में भी प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया।
प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलीं, लेकिन इससे उमस और बढ़ गई। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दो दिन तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। कई क्षेत्रों में गर्म हवाएं चल सकती हैं। रायपुर, दुर्ग-भिलाई समेत कई शहरों में शाम के बाद तेज आंधी और हल्की बारिश देखने को मिली, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिली।
रायपुर में 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
राजधानी रायपुर में गुरुवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग की एडवायजरी जारी
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने को कहा गया है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी हीटवेव को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है।





