बस्तर के नेतानार पहुंचे अमित शाह, जन सुविधा केंद्र का किया उद्घाटन

अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सीआरपीएफ कैंप में शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया। अब तक यह कैंप केवल सुरक्षाबलों के लिए था, लेकिन अब यहां ग्रामीणों को भी कई जरूरी सुविधाएं मिलेंगी।
इस जन सुविधा केंद्र में आंगनबाड़ी, प्राथमिक स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएं और विभिन्न ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां जन्म, जाति और आय प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं भी एक ही जगह मिल सकेंगी।
अमित शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र का दौरा कर स्व सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने बस्तर की इमली का स्वाद भी चखा और कहा कि यहां की इमली में काफी मिठास है। महिलाओं ने बताया कि इमली प्रसंस्करण से उनकी सालाना आय बढ़ रही है।

गृहमंत्री ने सेवा सेतु केंद्र में ग्रामीण महिलाओं से भी मुलाकात की। ग्रामीणों ने बताया कि पहले आधार कार्ड और ई-केवाईसी जैसी सुविधाओं के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही सभी सुविधाएं मिलने लगी हैं।

उन्होंने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां महिलाओं को सिलाई और अन्य रोजगारमूलक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान विष्णुदेव साय , विजय शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





