Merchant Association Action: व्यापार विहार मंडी में नकली सामान बेचने वालों पर मर्चेंट एसोसिएशन का बड़ा एक्शन, दोषी पाए जाने पर रद्द होगी सदस्यता

प्रशासन से मुख्य सप्लायर पर कार्रवाई की मांग

न्यायधानी बिलासपुर के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र व्यापार विहार थोक मंडी की साख को बचाने के लिए (Merchant Association Action) बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। हाल ही में मंडी में भारी मात्रा में नकली इनो, एवरेस्ट मसाला और सर्फ जैसे नामी ब्रांडों के नकली उत्पाद पकड़े जाने के बाद एसोसिएशन ने एक आपात बैठक बुलाई। बैठक में फैसला लिया गया कि मंडी की साख से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा और उसकी सदस्यता तुरंत समाप्त कर दी जाएगी। इसके साथ ही संगठन ने इस फर्जीवाड़े की जड़ तक पहुंचने के लिए प्रशासन से नकली सामान बनाने वाली फैक्ट्रियों और मुख्य सप्लाई चेन को ध्वस्त करने की मांग की है.

बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन ने ट्रांसपोर्टरों से की अपील (Merchant Association Action)

छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित थोक मंडियों में शुमार बिलासपुर के व्यापार विहार में रोजाना करोड़ों रुपए का कारोबार होता है। इस मंडी से पूरे प्रदेश भर में किराना, अनाज और मनिहारी सामानों की सप्लाई की जाती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सामानों की बड़ी खेप पकड़े जाने से पूरी मंडी की छवि पर गहरा दाग लगा है।

मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नानकराम खटूजा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मंडी के करीब 400 से अधिक व्यापारी पूरी ईमानदारी के साथ अधिकृत कंपनियों से सीधे माल मंगाकर व्यवसाय करते हैं, मगर महज 4-5 चुनिंदा कारोबारियों की काली करतूतों की वजह से पूरे व्यापारी समुदाय को असहज स्थिति और बदनामी का सामना करना पड़ रहा है। इसी नकारात्मक छवि को बदलने के लिए संगठन ने अब कड़े फैसले लागू कर दिए हैं, जिसके तहत आगामी मंगलवार को एक विशेष बैठक बुलाकर सभी को अंतिम चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद यदि कोई भी दुकानदार डुप्लीकेट उत्पाद बेचते हुए पकड़ा गया, तो उसे तत्काल प्रभाव से एसोसिएशन से निष्कासित कर दिया जाएगा.

कार्रवाई के दायरे को और कड़ा करते हुए मर्चेंट एसोसिएशन ने अब इन काली भेड़ बन चुके व्यापारियों की आर्थिक कमर तोड़ने की रणनीति बनाई है। संगठन केवल सदस्यता रद्द करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिलासपुर के स्थानीय ट्रांसपोर्टरों से भी लिखित अपील करेगा कि वे ऐसे ब्लैकलिस्टेड व्यापारियों का माल गाड़ियों में लोड न करें, जिससे मंडी के बाहर होने वाली उनकी सप्लाई पूरी तरह ठप हो सके।

इसके साथ ही एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक जांच पर सवाल उठाते हुए एक बड़ा मुद्दा उठाया है। पूर्व अध्यक्ष पवन वाधवानी और वर्तमान पदाधिकारियों का साफ कहना है कि नकली सर्फ, मसाले या अन्य सामान दुकानों के भीतर तैयार नहीं किए जाते, बल्कि इन्हें बाहर से लाकर मंडी में खपाया जाता है। व्यापारियों ने प्रशासन को जांच में पूरा सहयोग देने का दावा करते हुए मांग की है कि अधिकारी केवल दुकानों में सैंपल लेने और छापा मारने तक सीमित न रहें, बल्कि उस मुख्य सप्लायर, गोदाम और फैक्ट्री तक पहुंचें जहां यह नकली माल तैयार हो रहा है। जब तक इस अवैध नेटवर्क के मूल स्रोत पर प्रहार नहीं होगा, तब तक इस गोरखधंधे को पूरी तरह रोक पाना नामुमकिन होगा.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई