रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, गोवा में छापा मारकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ पुलिस ने मध्य भारत के बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का खुलासा करते हुए गोवा में बड़ी कार्रवाई की है। शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर 6 सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। यह नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, सक्ती, खरसिया से लेकर गोवा तक फैला हुआ था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन जब्त किए हैं और पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। मामले का खुलासा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस वार्ता में किया।
पुलिस के मुताबिक, रायगढ़ कोतवाली में दर्ज जुआ एक्ट के मामलों की जांच के दौरान हवाला नेटवर्क और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े अहम सुराग मिले थे। तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी गोवा में बैठकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे।
इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की टीम गोवा पहुंची और कैंडोलिम बीच इलाके के एक किराए के विला में दबिश दी। यहां से अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने समय रहते सभी को पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि गिरोह तीन अलग-अलग तरीकों से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता था। आरोपी APK आधारित ऐप, लाइव स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और बेटिंग एक्सचेंज ऐप के जरिए सट्टा चला रहे थे। इसके अलावा दुबई से बेटिंग आईडी लेकर देश के अलग-अलग शहरों में एजेंटों और खिलाड़ियों तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस को हवाला लेनदेन के भी सबूत मिले हैं। मोबाइल फोन से नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर रकम ट्रांसफर करने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।





