दुर्ग में मवेशी तस्करी का खुलासा: बोलेरो पिकअप से 5 मवेशी बरामद, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में पुलिस ने अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन से 5 मवेशियों को बरामद किया है। आरोप है कि मवेशियों को बेरला क्षेत्र से नागपुर के कत्लखाने ले जाया जा रहा था। मामला धमधा थाना क्षेत्र का है।
पेण्ड्री चौक पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि धमधा-गंडई मुख्य मार्ग से मवेशियों की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पेण्ड्री चौक के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान सुबह करीब 3 बजे एक महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन वहां से गुजरता दिखाई दिया।
पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान वाहन के पीछे डाले में तालपतरी से ढंककर 5 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।
बेरला से नागपुर ले जाए जा रहे थे मवेशी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मवेशियों को बेरला क्षेत्र से लोड किया गया था और उन्हें लांजी होते हुए नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, मवेशियों को बेहद खराब हालत में रखा गया था, जिससे पशु क्रूरता के नियमों का उल्लंघन भी सामने आया है।
पुलिस ने मौके से वाहन चालक दुर्गेश घोरमारे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। आरोपी मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के साथ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत केस दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन, 5 मवेशी, तालपतरी और परिवहन में इस्तेमाल अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





