बिलासपुर पोस्ट ऑफिस के बाहर गिरा विशाल नीम का पेड़, नई कार क्षतिग्रस्त, सड़क पर लगा लंबा जाम

बिलासपुर के मुख्य डाकघर परिसर में सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया, जब एक पुराना नीम का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी एक नई कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
कार का शीशा टूटा, छत भी क्षतिग्रस्त
हादसा शाम करीब 6 बजे डाकघर के गेट नंबर-2 के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पेड़ अचानक गिरा और उसकी भारी शाखाएं बाहर खड़ी कार पर जा गिरीं। कार मालिक रोहन तावड़कर ने बताया कि उनकी कार रोज की तरह सड़क किनारे खड़ी थी।
पेड़ गिरने से कार का पिछला शीशा टूट गया और वाहन की छत भी बुरी तरह दब गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों का कहना है कि यदि उस समय वहां कोई राहगीर मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पेड़ गिरने से सड़क पर लगा जाम
पेड़ गिरने के कारण पोस्ट ऑफिस के पास से बृहस्पति बाजार जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर पेड़ का मोटा तना और शाखाएं फैल जाने से वाहनों की आवाजाही रुक गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान कुछ दोपहिया वाहन चालक टूटे हुए केबल और शाखाओं के बीच से निकलने की कोशिश करते नजर आए।
पुराने पेड़ों की सुरक्षा जांच की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर के पुराने और जर्जर पेड़ों की जांच कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि बारिश और तेज हवा के मौसम में ऐसे पेड़ कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े पुराने पेड़ों का सर्वे कर समय रहते जरूरी कार्रवाई करने की मांग की है।





