वैश्विक आर्थिक संकट के बीच PM मोदी की अपील पर बोले CM साय, कहा- सोना कम खरीदें और ईंधन बचाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और वैश्विक आर्थिक संकट को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि वे ईंधन की बचत करें और अगले एक साल तक शादियों के लिए सोना खरीदने से बचें। प्रधानमंत्री का कहना है कि मौजूदा हालात में विदेशी मुद्रा बचाना बेहद जरूरी है।
तेलंगाना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मिडिल ईस्ट और रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से दुनिया भर में आर्थिक दबाव बढ़ा है। इसका असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, इसलिए लोगों को जरूरत के अनुसार ही ईंधन का इस्तेमाल करना चाहिए।
इस मामले पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है और इसका असर सभी देशों पर पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी की सलाह को सही बताते हुए कहा कि देश का पैसा विदेश न जाए, इसके लिए लोगों को सोना कम खरीदना चाहिए और पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करना चाहिए।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उपदेश नहीं बल्कि सरकार की नाकामी का सबूत है। इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अगर यह नाकामी है तो विपक्ष को बताना चाहिए कि ऐसे समय में क्या उपाय किए जाने चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय देश ने “वर्क फ्रॉम होम” और ऑनलाइन मीटिंग जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भी लोगों को जरूरत के हिसाब से संसाधनों का इस्तेमाल करना चाहिए।





