शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, दो साल तक लिव-इन में रखने के बाद आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक युवती को दिल्ली ले गया, जहां दोनों करीब दो साल तक किराए के मकान में लिव-इन में रहे। इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता बिलासपुर की रहने वाली है। उसकी पहचान साल 2017 में मोबाइल फोन के जरिए आरोपी युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया और युवती को रायगढ़ बुलाया।
रायगढ़ बुलाकर बनाया संबंध, फिर दिल्ली ले गया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2022 में आरोपी उसे रायगढ़ लेकर आया और अपने दोस्त के घर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद साल 2023 में आरोपी उसे दिल्ली ले गया, जहां दोनों किराए के मकान में साथ रहने लगे।
युवती का आरोप है कि आरोपी लगातार शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। दोनों करीब दो साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे।
फरवरी 2026 में शादी से किया इनकार
पीड़िता के अनुसार फरवरी 2026 में आरोपी अचानक शादी से मुकर गया और उसे दिल्ली में छोड़कर अकेले रायगढ़ लौट आया। युवती लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश करती रही, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में उसने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद युवती रायगढ़ महिला थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
एट्रोसिटी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई
पुलिस ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट की धारा भी जोड़ी है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने महिलाओं से बिना डर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।





