आंधी-बारिश थमते ही बढ़ेगी गर्मी, तीन दिन में 4 डिग्री तक चढ़ेगा पारा

प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद गर्मी फिर से असर दिखाएगी। आने वाले तीन दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। राजनांदगांव 41 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा।
कई जिलों में तेज आंधी और बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला। गौरेला ओवरब्रिज के पास कई पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मनेंद्रगढ़ के जनकपुर क्षेत्र में तेज आंधी के कारण पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़ गया। वहीं कांकेर के चारामा इलाके में भारी बारिश के चलते NH-30 पर जलभराव की स्थिति बन गई।
रायपुर में बादल छाने के आसार
राजधानी रायपुर में आज मौसम आंशिक रूप से बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों, कमजोर ढांचों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।





