छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार 2026 आज से शुरू, मुख्यमंत्री सहित मंत्री और अधिकारी करेंगे जिलों का दौरा

रायपुर। प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से “सुशासन तिहार 2026” की शुरुआत आज से हो गई है। यह अभियान 1 मई से 10 जून 2026 तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा।
इस दौरान राज्यभर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आम लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य लंबित मामलों को तेजी से निपटाना और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना है।
अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगी। वे शिविरों में पहुंचकर जनता की शिकायतें सुनेंगे और समाधान की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा भी जिलों में अचानक निरीक्षण किए जाने की संभावना है, ताकि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
सरकार का मानना है कि यह अभियान प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगा और सुशासन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएगा।





