अस्पतालों से आयरन-फोलिक एसिड दवा का बैच वापस मंगाया गया, गुणवत्ता पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन ने आयरन-फोलिक एसिड की एक दवा के बैच को एहतियातन वापस मंगाने के निर्देश जारी किए हैं। रायपुर और बलौदाबाजार जिले के विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में वितरित इस दवा को लेकर शिकायतें सामने आई थीं।
रंग बदलने और टैबलेट टूटने की शिकायत
दवा के एक बैच की कुछ गोलियों का रंग बदला हुआ और टूटे होने की शिकायत मिली थी। मामला फेरस सल्फेट और फोलिक एसिड दवा के एक विशेष बैच से जुड़ा है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित बैच की जांच कराई गई।
गुणवत्ता मानक के बावजूद एहतियाती कदम
जांच रिपोर्ट में दवा की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गई, लेकिन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूरे बैच को वापस लेने का निर्णय लिया गया। संबंधित दवा कंपनी को बैच रिकॉल करने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों को स्टॉक लौटाने के निर्देश
सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि इस बैच का पूरा स्टॉक तुरंत वापस जमा कराया जाए। यह दवा मुख्य रूप से गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और एनीमिया के मरीजों को दी जाती है, इसलिए सतर्कता बरती जा रही है।





