छत्तीसगढ़ बोर्ड रिजल्ट जल्द: 10वीं-12वीं के नतीजे 29-30 अप्रैल तक संभव

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल CGBSE की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। ताजा जानकारी के अनुसार, परीक्षा परिणाम 29 या 30 अप्रैल को जारी किए जा सकते हैं।

मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है और फिलहाल काउंटिंग मिलान व रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ऐसे में बोर्ड किसी भी समय परिणाम जारी करने की आधिकारिक घोषणा कर सकता है।

गौरतलब है कि इस साल बोर्ड परीक्षाएं 20-21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं। हालांकि हिंदी पेपर लीक होने के कारण 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिससे परिणाम घोषित करने में देरी हुई। पहले 15 अप्रैल तक रिजल्ट जारी करने की योजना थी।

इस वर्ष कक्षा 10वीं में 3,20,535 और कक्षा 12वीं में 2,45,785 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। बड़ी संख्या में छात्र आगे की पढ़ाई और प्रवेश परीक्षाओं के लिए अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

पिछले साल 7 मई 2025 को घोषित रिजल्ट में कक्षा 10वीं का पास प्रतिशत 68.76% और कक्षा 12वीं का 82.25% रहा था। अब इस साल के नतीजों को लेकर छात्रों और अभिभावकों की नजरें बोर्ड की घोषणा पर टिकी हुई हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button