नौकरी छोड़ किसान ने अपनाई मल्टी-लेयर खेती, एक एकड़ से कम जमीन में 4 गुना तक बढ़ाई आमदनी

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक किसान ने पारंपरिक खेती से हटकर मल्टी-लेयर फार्मिंग अपनाकर मिसाल पेश की है। कम जमीन में तरबूज, मिर्च, टमाटर और बैंगन की मिश्रित खेती कर उन्होंने न केवल उत्पादन बढ़ाया, बल्कि आमदनी को भी कई गुना तक बढ़ा लिया है।

नौकरी छोड़ शुरू किया खेती का नया मॉडल
किसान रामनारायण जलतारे पहले नरेगा में सुपरवाइजर थे, लेकिन बागवानी के प्रति रुचि के चलते उन्होंने नौकरी छोड़ दी। उन्होंने अपनी नर्सरी शुरू की और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करना शुरू किया। अब वे खुद खेती करने के साथ अन्य किसानों को भी मार्गदर्शन दे रहे हैं।

कम समय में ज्यादा उत्पादन
रामनारायण ने विशेष किस्म के तरबूज की खेती कर बेहतर उत्पादन हासिल किया। करीब 65 से 70 दिनों में तैयार होने वाली इस फसल से 90 डेसिमल जमीन में 12 से 14 टन तक उत्पादन मिला। इससे दो महीने में ही 1 से 1.5 लाख रुपए तक की कमाई हो रही है।

मल्टी-लेयर फार्मिंग से बढ़ी आय
उन्होंने एक ही खेत में अलग-अलग फसलें उगाने का मॉडल अपनाया है। तरबूज के साथ मिर्च, टमाटर और बैंगन की खेती की जा रही है, जिससे जमीन का पूरा उपयोग हो रहा है। इस तकनीक से सालाना आय करीब 4 गुना बढ़कर 4 लाख रुपए तक पहुंचने का अनुमान है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button