तेलंगाना में 47 नक्सलियों ने किया सरेंडर, डेढ़ करोड़ के इनामी भी शामिल

साउथ बस्तर से जुड़े 47 नक्सलियों ने तेलंगाना में आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें कई बड़े कैडर और संगठन के अहम सदस्य शामिल हैं। सभी नक्सली हथियार और गोला-बारूद के साथ मुख्यधारा में लौटे हैं।
बड़े कैडर और इनामी नक्सली शामिल
सरेंडर करने वालों में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी और साउथ बस्तर डिवीजन से जुड़े सदस्य शामिल हैं। इनमें हेमला इथु उर्फ विज्जा जैसे वरिष्ठ नक्सली भी हैं, जो लंबे समय से सक्रिय थे। इन सभी पर कुल मिलाकर करीब डेढ़ करोड़ रुपए का इनाम घोषित था।
हथियार और गोला-बारूद किया जमा
नक्सलियों ने आत्मसमर्पण के दौरान 32 हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस जमा किए। इनमें एलएमजी, एके-47, एसएलआर, इंसास राइफल समेत कई आधुनिक हथियार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह सरेंडर नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
पुलिस दबाव और पुनर्वास नीति का असर
लगातार ऑपरेशन और सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के चलते नक्सलियों ने यह कदम उठाया। साथ ही पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उन्होंने सामान्य जीवन में लौटने का फैसला लिया। पुलिस का कहना है कि सरेंडर करने वालों को सरकारी योजनाओं के तहत मदद दी जाएगी।





