लू के बीच मौसम बदलेगा मिजाज: तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार

प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में तापमान काफी ऊंचा बना हुआ है, वहीं कुछ इलाकों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, लेकिन गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम हैं।

सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में दर्ज

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले एक हफ्ते से राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र बना हुआ है, जहां लगातार तापमान 44 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

रायपुर में गर्म रात और हीटवेव का असर

राजधानी रायपुर में भी हीटवेव का प्रभाव देखने को मिलेगा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। साथ ही रातें भी गर्म रहने की संभावना है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

अगले दिनों में मौसम का मिला-जुला असर

मौसम विभाग के अनुसार, यूपी से ओडिशा तक सक्रिय ट्रफ लाइन का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, लेकिन लू का प्रभाव बना रहेगा। अगले पांच दिनों तक मौसम में ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button