आधा नोट ट्रिक से 35 लाख की ठगी, हवाला रकम लेकर फरार हुए ठग

रायपुर में एक प्लाईवुड कंपनी के कर्मचारी से 35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने ‘आधा नोट’ ट्रिक का इस्तेमाल कर हवाला की रकम लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी करण शर्मा अपने मालिक के कहने पर रायपुर आया था। उसे यहां एक व्यक्ति से 35 लाख रुपये कैश लेकर दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाना था। तय जगह पर पहले व्यक्ति ने आधा नोट दिखाया, जिसके सीरियल नंबर मिलाने के बाद करण ने पैसे ले लिए।
कुछ देर बाद उसे दूसरे व्यक्ति का नंबर और नोट का सीरियल नंबर दिया गया। वह बताए गए स्थान पर पहुंचा, जहां दूसरे व्यक्ति ने भी आधा नोट दिखाया। नंबर मिलाने के बाद करण ने 35 लाख रुपये उसे सौंप दिए।
बाद में जब करण ने आधे नोट की फोटो अपने मालिक को भेजी, तो पता चला कि नंबर फर्जी है और असली नोट से मेल नहीं खाता। तब उसे समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुका है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध दिखाई दिया है। साथ ही जिस मोबाइल नंबर से संपर्क किया गया था, उसके आधार पर भी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मामले में हवाला एंगल सामने आने के बाद आयकर विभाग ने भी पैसों के स्रोत की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लेन-देन से जुड़ी जानकारी मांगी है।
जानकारों के मुताबिक, रायपुर में रोजाना करीब 30 करोड़ रुपये का हवाला कारोबार होता है। यहां से मुंबई, झारखंड समेत विदेशों तक पैसे भेजे जाते हैं, जिसके बदले कमीशन तय होता है।





