तेंदूपत्ता भुगतान को लेकर बीजापुर में प्रदर्शन, संग्राहकों ने नगद भुगतान की उठाई मांग

बीजापुर में तेंदूपत्ता संग्राहकों को नगद भुगतान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन और रैली निकाली। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें संग्राहकों की समस्याओं और मांगों को उठाया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के दौरान तेंदूपत्ता संग्राहकों से कई वादे किए थे, लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें पूरा नहीं किया गया है। उनका कहना है कि संग्रहण केंद्रों पर नगद भुगतान, तेंदूपत्ता की दर बढ़ाने और मजदूरी में वृद्धि जैसे मुद्दे अब भी लंबित हैं।

प्रदर्शन के दौरान यह भी कहा गया कि जिले के अंदरूनी इलाकों में बैंकिंग सुविधाओं की भारी कमी है। कई आदिवासी परिवारों के पास बैंक खाते और जरूरी दस्तावेज नहीं हैं, जिससे ऑनलाइन भुगतान प्रणाली उनके लिए परेशानी का कारण बन रही है। इस वजह से ग्रामीणों का दूसरे राज्यों की ओर पलायन भी बढ़ रहा है।

ज्ञापन में तेंदूपत्ता की दर 5500 रुपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 7000 रुपए करने, संग्रहण केंद्रों पर नगद भुगतान लागू करने, नए फड़ खोलने, अभ्यारण्य क्षेत्रों में संग्रहण की अनुमति देने, फड़मुंशियों के मानदेय में वृद्धि और मजदूरी दर बढ़ाने जैसी मांगें शामिल की गई हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button