आयुष्मान योजना में 59 अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई, 33 निलंबित और 26 का भुगतान रोका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। नियमों का पालन नहीं करने पर राज्य नोडल एजेंसी ने 59 पंजीकृत अस्पतालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी अस्पतालों को HEM 2.0 पोर्टल पर अपनी जानकारी अपडेट करना और जरूरी दस्तावेज अपलोड करना था, जिसकी अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तय की गई थी। कई अस्पतालों ने समय पर जानकारी नहीं दी और विभाग के नोटिस का जवाब भी नहीं दिया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत 21 अस्पतालों को आवेदन नहीं देने पर निलंबित कर दिया गया, जबकि 12 अस्पतालों को जानकारी अपडेट नहीं करने और क्वेरी का जवाब नहीं देने पर सस्पेंड किया गया। वहीं 26 अस्पतालों का भुगतान और प्री-ऑथ पर रोक लगा दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह कदम योजना में पारदर्शिता और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। सभी अस्पतालों से अपील की गई है कि वे समय पर पोर्टल पर जानकारी अपडेट करें, ताकि मरीजों को बिना परेशानी इलाज मिल सके।





