दुर्लभ ‘शेकरू’ गिलहरियों का शिकार कर रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक युवक द्वारा दुर्लभ प्रजाति की बड़ी गिलहरियों ‘शेकरू’ का शिकार करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 9 गिलहरियों को गुलेल से मार गिराया और बाद में उनका मांस पकाकर खा लिया। इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील के रूप में साझा किया गया, जिसके वायरल होने के बाद मामला उजागर हुआ।
वन विभाग ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शिकार में कुल 11 लोग शामिल थे, जिनकी तलाश जारी है।
जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने आरोपी की सोशल मीडिया आईडी से उसकी लोकेशन ट्रेस की और अबूझमाड़ क्षेत्र के एक गांव से उसे पकड़ लिया। आरोपी ने बताया कि शिकार के लिए पहले पेड़ों और जमीन पर खाने का सामान रखा गया, जिससे गिलहरियां एक जगह इकट्ठा हो गईं। इसके बाद उन्हें गुलेल से निशाना बनाया गया।
शिकार के बाद आरोपी ने घर के आंगन में गिलहरियों के साथ रील बनाई और फिर साथियों के साथ मिलकर उन्हें पकाकर खा लिया। अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब इस प्रजाति के वन्य जीवों का शिकार किया गया हो। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।





