DSP की बेटी कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को अपहरण और गैंगरेप की धमकी, 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां डीएसपी की बेटी और कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को अपहरण और गैंगरेप की धमकी दी गई। आरोपियों के बीच हुई आपत्तिजनक चैट सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केशकाल थाने में एफआईआर दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, निवेदिता मंडावी सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और आदिवासी संस्कृति व परंपराओं से जुड़े विषयों पर कंटेंट बनाती हैं। इसी वजह से कुछ युवकों ने उन्हें निशाना बनाया और अपहरण व गैंगरेप की साजिश रची। आरोपियों के बीच हुई चैट सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और उसी के आधार पर पूरी योजना बनाई गई थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अब चैट, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था।

इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी विकास बघेल ने कहा कि जैसे ही आपत्तिजनक चैट की जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई की गई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए किसी भी तरह की आपराधिक साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं कोंडागांव एएसपी कपिल चंद्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच की गई और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button