रद्द की गई 12 मेमू और पैसेंजर ट्रेनें बहाल, समर स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को राहत

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 8 से 10 अप्रैल के बीच रद्द की गई 12 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को फिर से बहाल कर दिया है। इस फैसले से रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, गेवरा रोड और गोंदिया के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब ये सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलेंगी।

दरअसल, बिलासपुर मंडल के अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम चल रहा था। इसके चलते रेलवे ने अस्थायी रूप से कई ट्रेनों को रद्द कर दिया था। अब काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है।

गर्मी के मौसम को देखते हुए रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया है। पटना से चर्लपल्ली के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है, जो निर्धारित तिथियों में कई फेरों में चलेगी। यह ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

इसके अलावा तिरुपति और रक्सौल के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे लंबी वेटिंग और कंफर्म टिकट की समस्या से जूझ रहे यात्रियों को राहत मिलेगी। गर्मी के सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह व्यवस्था की है।

हालांकि, बिलासपुर रेलवे जोन की 10 पैसेंजर ट्रेनें 11 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी। इन ट्रेनों के रद्द होने से रायगढ़, कोरबा और गेवरा रोड से आने-जाने वाले यात्रियों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों का संचालन और विशेष सेवाएं जारी रखी जाएंगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button