तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: 4 महिलाओं को कुचला, 3 की मौके पर मौत, बेटी मां के शव से लिपटकर रोती रही

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे जा रही 4 महिलाओं को कुचल दिया, जिसमें से 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

घटना उस समय हुई जब महिलाएं साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं। अचानक सामने से आ रही बेकाबू स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए आगे बढ़ गई। हादसे के बाद सड़क पर पड़ी मां की लाश देखकर उसकी मासूम बेटी बिलखती रही, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। महिलाओं को कुचलने के बाद भी गाड़ी नहीं रुकी और आगे जाकर एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और शवों को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम हटवाया और यातायात बहाल कराया।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है, जिसमें निर्दोष लोगों की जान चली जाती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button