अवैध संबंध के शक में खूनी हमला, बुजुर्ग महिला की हत्या, 7 लोग गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध संबंध के शक में एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा की है, जहां दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि एक व्यक्ति को अपनी पत्नी के दूसरे युवक से संबंध होने का शक था, जिसके चलते यह खूनी वारदात हुई।

बताया जा रहा है कि आरोपी सुरेश श्रीवास अपने दो नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर युवक के घर पहुंचा। उस समय युवक घर पर मौजूद नहीं था, जिसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर परिवार के अन्य सदस्यों पर चाकू और तलवार से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग महिला पर सबसे पहले वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान घर में मौजूद महिलाओं और अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया। जो भी सामने आया, उस पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमले में कई लोगों के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले ही उन्होंने पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो यह घटना टल सकती थी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद और अवैध संबंध के शक के चलते यह हमला किया गया। मामले की जांच जारी है और गांव में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button