छत्तीसगढ़ में वित्तीय सिस्टम हुआ डिजिटल, 1 अप्रैल से ई-चालान और ऑनलाइन बीटीआर सुविधा शुरू

रायपुर। संचालनालय कोष एवं लेखा ने राज्य में वित्तीय प्रबंधन को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए नई डिजिटल सेवाएं शुरू की हैं। इसका उद्देश्य आम नागरिकों, सरकारी विभागों और संस्थाओं को आसान और आधुनिक सुविधाएं देना है।
1 अप्रैल 2026 से ई-चालान के तहत OTC सिस्टम लागू कर दिया गया है। अब सभी शासकीय भुगतान ऑनलाइन किए जा सकेंगे। नागरिक और संस्थाएं आसानी से चालान बनाकर राजस्व जमा कर सकेंगे, जिससे भुगतान प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी।
कोषालयों में ऑनलाइन बीटीआर सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे लेखांकन कार्यों में तेजी और सटीकता आएगी। इसके साथ ही राज्य में केंद्रीय कोषालय की शुरुआत की गई है, जहां भारत सरकार से मिलने वाली राशि का भुगतान SNA SPARSH सिस्टम के जरिए किया जाएगा।
संचालनालय कोष एवं लेखा की नई वेबसाइट भी लॉन्च की गई है, जहां विभाग से जुड़ी सभी जानकारी और ऑनलाइन सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी। सरकार का कहना है कि इससे वित्तीय प्रशासन मजबूत होगा और डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा मिलेगा।





