31 मार्च नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक दिन, सीएम साय का भूपेश बघेल और राहुल गांधी पर हमला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 31 मार्च को छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई का ऐतिहासिक दिन बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब नक्सलवाद जैसे गहरे नासूर से निकलकर विकास, विश्वास और सुशासन के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
सीएम साय ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व तथा सुरक्षाबलों के साहस को दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वय से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक परिणाम सामने आए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए सीएम साय ने कहा कि उनका बयान तथ्यहीन है और अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में नक्सल विरोधी अभियान में अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जबकि सरकार बदलते ही केंद्र और राज्य के बीच समन्वय बढ़ा और रणनीति पर काम शुरू हुआ।
सीएम साय ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा तय 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है और बस्तर तेजी से विकास की मुख्यधारा में लौट रहा है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर उनका रुख भ्रम पैदा करने वाला है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मंच साझा करने और हिडमा से जुड़े नारों को लेकर देश जवाब चाहता है।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।





