रायगढ़ निगम का 480 करोड़ का बजट पेश, 22 करोड़ की बचत के साथ विकास कार्यों पर फोकस

रायगढ़। महापौर जीवर्धन चौहान ने नगर पालिक निगम रायगढ़ के द्वितीय बजट सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। बजट में शहर के समग्र विकास, आधारभूत संरचना मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है।
प्रस्तुत बजट के अनुसार निगम की कुल आय 480 करोड़ 36 लाख रुपये और कुल व्यय 458 करोड़ 11 लाख 79 हजार रुपये प्रस्तावित है। इस तरह निगम ने 22 करोड़ 24 लाख 21 हजार रुपये की बचत का लक्ष्य रखा है। परिषद की बैठक में कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने पार्षदों के सवालों का जवाब दिया, जबकि सभापति डिग्री लाल साहू की अनुमति से प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।
संपत्तिकर दर यथावत
बैठक में संपत्तिकर दर को यथावत रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक कलेक्टर गाइडलाइन दरों में वृद्धि नहीं होने और राज्य शासन से कोई नया आदेश नहीं मिलने के कारण संपत्तिकर में बदलाव नहीं किया गया।
पिछले वर्ष के विकास कार्य
वित्तीय वर्ष 2025-26 में सड़क, नाली, पुल-पुलिया, पानी टंकी, स्ट्रीट लाइट, चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण और खेल मैदानों के विकास जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए, जबकि कुछ कार्य प्रगति पर हैं।
डिजिटल सुविधा की पहल
नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘जोहार रायगढ़’ चैटबोट ऐप शुरू किया गया है, जिससे लोग घर बैठे शिकायत और सुझाव भेज सकेंगे।
2026-27 के प्रमुख प्रस्तावित कार्य
- बालसमुंद तालाब का उन्नयन
- कोसाबाड़ी में ऑक्सीजोन निर्माण
- 10 नई सड़कों का निर्माण
- कबीर चौक और प्रमुख मार्गों का उन्नयन
- चांदनी चौक से सर्किट हाउस तक सड़क विकास
- संजय मार्केट उन्नयन
- रामलीला मैदान में मंच और पवेलियन
- मरीन ड्राइव नाला चैनलाइजेशन
- रायगढ़ स्टेडियम में हाईमास्ट लाइट
- अमलीभौना में ट्रक पार्किंग निर्माण
महापौर का बयान
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि बजट शहर को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में तैयार किया गया है। सड़क, पानी, प्रकाश और स्वच्छता के साथ डिजिटल सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
सभापति डिग्री लाल साहू ने बजट को संतुलित और जनहितैषी बताते हुए कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए परिषद प्रतिबद्ध है।





