31 मार्च तक टैक्स जमा नहीं किया तो कुर्की-सीलबंदी, रायपुर निगम की बड़े बकायादारों को चेतावनी

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग ने शहर के सभी 70 वार्डों में बड़े बकायादारों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगम ने साफ चेतावनी दी है कि समय पर बकाया राशि जमा नहीं करने पर कुर्की और सीलबंदी जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि कार्रवाई और परेशानी से बचने के लिए 31 मार्च 2026 तक अपना सम्पत्तिकर जमा कर दें। तय समयसीमा के बाद कर जमा नहीं करने पर 17 प्रतिशत अधिभार के साथ सख्त वसूली की जाएगी।
जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम के सभी 10 जोन कार्यालय और सदर काउंटर 31 मार्च तक, महावीर जयंती के अवकाश दिवस पर भी, सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे ताकि लोग आसानी से टैक्स जमा कर सकें।
इसके अलावा ‘मोर रायपुर’ ऐप और नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन सम्पत्तिकर भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे नागरिक घर बैठे एक क्लिक पर टैक्स जमा कर सकते हैं।





