‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान की तारीफ, पीएम मोदी ने कोरिया के 5% मॉडल को सराहा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे “मोर गांव मोर पानी” महा अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कोरिया जिले में लागू किए गए 5% जल संरक्षण मॉडल की सराहना करते हुए इसे सतत विकास और ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि गर्मी की शुरुआत के साथ जल संरक्षण के संकल्प को फिर से मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में जल संचय अभियान ने लोगों में व्यापक जागरूकता पैदा की है और देशभर में लगभग 50 लाख आर्टिफिशियल वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाए गए हैं।
कोरिया जिले का 5% मॉडल बना उदाहरण
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरिया जिले के किसानों ने एक सरल लेकिन प्रभावी मॉडल अपनाया है। किसानों ने अपने खेतों में छोटे-छोटे रिचार्ज तालाब और सोखता गड्ढे बनाए, जिससे बारिश का पानी खेतों में रुकने लगा और धीरे-धीरे जमीन के अंदर समाने लगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल को 1200 से अधिक किसान अपना चुके हैं, जिससे गांव का ग्राउंड वाटर लेवल बेहतर हुआ है और जल संकट से निपटने में मदद मिल रही है।
सामुदायिक प्रयासों पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में गांव-गांव में सामुदायिक स्तर पर जल संरक्षण के प्रयास हो रहे हैं। कहीं तालाबों की सफाई की जा रही है तो कहीं बारिश के पानी को सहेजने के लिए नए प्रयोग किए जा रहे हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के इस मॉडल को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास जल संकट से निपटने और ग्रामीण विकास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।





