रायगढ़ में अवैध कबाड़ पर बड़ी कार्रवाई, 4180 किलो कबाड़ जब्त; 5 लाख की संपत्ति पकड़ी गई

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन से भारी मात्रा में कबाड़ जब्त किया है। इस दौरान करीब 5 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है। मामला खरसिया चौकी क्षेत्र का है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक टाटा माजदा वाहन में अवैध कबाड़ लोड कर खरसिया की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर साइबर स्टाफ और खरसिया चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से रायगढ़ बायपास रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

जांच के दौरान वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में कबाड़ लोहा, छड़, टीन और जंग लगे तार पाए गए। वाहन चालक टीपू मनिहार से कबाड़ से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और गोलमोल जवाब देने लगा।

इसके बाद पुलिस चालक को चौकी ले गई और वाहन में लदे कबाड़ को संदिग्ध मानते हुए कार्रवाई की। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(क)(ड) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर माजदा वाहन सहित 4180 किलोग्राम कबाड़ जब्त कर लिया है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कबाड़ कहां से लाया गया और इसका उपयोग कहां किया जाना था।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button