IPL से पहले रायपुर पुलिस की सट्टेबाजों को चेतावनी, ‘कानून के साथ मत खेलना, नहीं तो जेल जाना पड़ेगा’

रायपुर। आईपीएल शुरू होने से पहले रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सट्टेबाजों के लिए खास संदेश जारी करते हुए कड़ी चेतावनी दी है। पुलिस ने साफ कहा है कि कानून के साथ मत खेलना, वरना मैच ही नहीं, जेल भी देखनी पड़ेगी।
हर साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी होती है। पुलिस लगातार कार्रवाई करती है, लेकिन सट्टेबाजों का नेटवर्क सक्रिय रहता है। इस बार आईपीएल शुरू होने से पहले ही पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सोशल मीडिया के जरिए चेतावनी जारी की है।
क्रिकेट की भाषा में दी चेतावनी
रायपुर पुलिस ने क्रिकेट स्टाइल में संदेश देते हुए कहा कि बेटिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है, कानून की टीम ‘चेज’ करने में माहिर है।
साथ ही फर्जी सट्टा आईडी देने वालों से दूरी बनाने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि अगर नियम नहीं माने गए तो पार्टनरशिप नहीं टिकेगी और सीधे जेल का रास्ता तय होगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सट्टेबाजी से दूर रहें और आईपीएल का आनंद केवल खेल के रूप में लें, नहीं तो कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।





