कोलंबिया में सैन्य विमान हादसा, 60 से ज्यादा जवानों की मौत, कई घायल

कोलंबिया में सेना का एक बड़ा विमान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 125 सैनिक सवार थे। टेकऑफ के दौरान पोर्टो लेगुइजामो के पास विमान क्रैश हो गया। हादसे में अब तक 66 जवानों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई सैनिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि C-130 हरक्यूलिस विमान पेरू सीमा के पास उड़ान भर रहा था। दुर्घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। अब तक कई घायलों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि अन्य को निकालने के प्रयास जारी हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि विमान अमेजन क्षेत्र के अंदरूनी हिस्से में गिरा, जहां पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद इलाके में धुआं उठता दिखाई दिया और सेना के कई वाहन मौके की ओर रवाना हुए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने का सिलसिला जारी है।
विमान निर्माता कंपनी लॉकहीड मार्टिन की ओर से अभी तक इस हादसे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
घटना के बाद देश के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि C-130 हरक्यूलिस विमान 1950 के दशक में विकसित किए गए थे और कई देशों की वायुसेनाओं में आज भी उपयोग किए जाते हैं। हाल के वर्षों में इस तरह के सैन्य विमानों से जुड़े हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं।





