असम में भाजपा नामांकन रैली में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव, बोले– विकास के दम पर फिर बनेगी सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज असम प्रवास पर रहे और धेमाजी में भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान धेमाजी की सड़कों और चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली।
धेमाजी विधानसभा और सिसिबोरगांव विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. रनोज पेगू और जीवन गोगोई ने नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर अरुण साव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में उमड़ा जनसमर्थन आगामी चुनाव परिणामों का संकेत है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में असम ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और जनता इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में प्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनेगी। रैली में लखीमपुर सांसद प्रधान बरुआ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर पिछले तीन दिनों में धेमाजी, ढकुआखाना, लखीमपुर और रोंगोनदी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं। इसके अलावा नाओबोइचा विधानसभा में एनडीए के सहयोगी दल असम गण परिषद के प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में रोंगोनदी से भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका और नाओबोइचा से एजीपी प्रत्याशी बसंत दास सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। अरुण साव ने “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर जनता तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाई जाएगी।





