गंगरेल बांध में महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल आयोजन, 52 टीमों ने दिखाया दम

धमतरी। प्रदेश में पहली बार गंगरेल बांध की शांत और मनोरम जलधारा पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी तय करते हुए प्रतिभागियों ने शानदार संतुलन, गति और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता स्थल पर दर्शकों में उत्साह और रोमांच का माहौल देखने को मिला।

इस प्रतियोगिता में धमतरी, कांकेर और बालोद जिले की कुल 52 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा और पूर्व विधायक रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महिला प्रतिभागियों ने बढ़ाया आयोजन का गौरव

ग्रामीण अंचलों की महिला प्रतिभागियों ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर आयोजन को खास बना दिया। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक लकड़ी की नाव में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका आत्मविश्वास और जज्बा सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।

विजेता टीमों को मिले पुरस्कार

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान किए गए:

  • प्रथम स्थान: बोट क्रमांक 4 (रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद) – ₹1,00,000
  • द्वितीय स्थान: बोट क्रमांक 1 (सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी, कोलियारी) – ₹50,000
  • तृतीय स्थान: बोट क्रमांक 10 (कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी, तिर्रा) – ₹25,000

इसके अलावा बोट क्रमांक 6 (पवनबाई निषाद एवं देवनबती निषाद, तिर्रा) को वेशभूषा पुरस्कार और बोट क्रमांक 8 (रामनारायण नेताम एवं रिशीराम निषाद, सटी यारा) को सजावट पुरस्कार के रूप में ₹11,000-₹11,000 प्रदान किए गए। महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए ₹15,000, ₹10,000 और ₹5,000 के सांत्वना पुरस्कार की भी घोषणा की गई।

IMG 0682

पर्यटन और संस्कृति को मिलेगी नई पहचान

विधायक ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और जल पर्यटन को नई पहचान देगा। महापौर रामू रोहरा ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण पहल बताया, वहीं कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल और साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाएंगे और पर्यटन को बढ़ावा देंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मत्स्य विभाग ने 8 मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए और वॉटर एंबुलेंस का शुभारंभ भी किया गया।

गंगरेल नौकायान उत्सव धमतरी जिले में पर्यटन, संस्कृति और खेल गतिविधियों के समन्वय का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है, जो आने वाले समय में गंगरेल क्षेत्र को राज्य के प्रमुख पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button