भाई की डांट से आहत 10 साल की बच्ची ने उठाया आत्मघाती कदम, घर में फंदे पर झूलती मिली

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां भाई की डांट से नाराज 10 वर्षीय बच्ची ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय बच्ची घर में अकेली थी और अपने पिता से मोबाइल पर बात कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, बच्ची फोन पर व्यस्त थी, इसी दौरान उसका बड़ा भाई घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। देर से दरवाजा खोलने पर भाई ने उसे डांट दिया, जिससे वह काफी आहत हो गई। बताया जा रहा है कि इस बात से दुखी होकर बच्ची ने गैलरी में चुन्नी का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना के बाद जब परिजनों और पड़ोसियों को इसकी जानकारी मिली तो बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, इस उम्र के बच्चे डांट या गुस्से को सही तरीके से समझ नहीं पाते और भावनात्मक रूप से जल्दी प्रभावित हो जाते हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना और उनकी भावनाओं को समझना बेहद जरूरी होता है।





