धर्मांतरण नेटवर्क का आरोपी डेविड चाको गिरफ्तार, अवैध आश्रम और विदेशी फंडिंग की जांच तेज

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में कथित अवैध धर्मांतरण नेटवर्क चलाने के मामले में मुख्य आरोपी डेविड चाको को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने और बिना अनुमति के आश्रम संचालित करने के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने निवास पर प्रार्थना सभाओं के नाम पर लोगों को इकट्ठा करता था और उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करता था।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी बिना वैधानिक अनुमति के आश्रम चला रहा था, जहां नाबालिग बच्चों को भी रखा गया था। पुलिस ने आरोपी को धर्मापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है, जो पिछले दो महीनों से फरार चल रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, सोलर चार्ज्ड प्रोजेक्टर, रजिस्टर, सदस्यता सूची और धर्मांतरण से जुड़ी प्रचार सामग्री सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा, भविष्य की योजनाओं से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस को इस पूरे मामले में विदेशी फंडिंग की आशंका है, जिसके चलते आरोपी के बैंक खातों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की विभिन्न धाराओं और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मूल रूप से केरल का निवासी है और पिछले कई वर्षों से राजनांदगांव में रहकर गतिविधियां संचालित कर रहा था। पुलिस को उसके देश-विदेश में संपर्कों के संकेत मिले हैं, जिन्हें लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





