CBSE के नाम पर एडमिशन, अब CG बोर्ड परीक्षा का दबाव; बिलासपुर में स्कूल के खिलाफ पेरेंट्स-स्टूडेंट्स का हंगामा

बिलासपुर में एक निजी स्कूल की मान्यता को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने छात्रों को CBSE पैटर्न के नाम पर एडमिशन दिया, लेकिन अब उन्हें CG बोर्ड की परीक्षा देने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे पेरेंट्स और स्टूडेंट्स में आक्रोश है।

नाराज अभिभावकों और छात्रों ने पहले कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत की और बाद में देर रात स्कूल व कलेक्टर बंगले का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। पेरेंट्स की मांग है कि उनके बच्चों को CBSE से संबद्ध प्रमाणपत्र दिया जाए।

जानकारी के अनुसार, शहर में इस स्कूल की तीन शाखाएं संचालित हैं, जहां मुख्य शाखा में 12वीं तक और अन्य शाखाओं में आठवीं तक की कक्षाएं चल रही हैं। पेरेंट्स का आरोप है कि शुरुआत से ही बच्चों को CBSE पैटर्न से पढ़ाने का दावा किया गया, लेकिन परीक्षा के समय वास्तविक स्थिति सामने आई।

विवाद तब बढ़ा जब राज्य में 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा लागू होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्रों को CG बोर्ड की परीक्षा दिलाने की बात कही। इससे अभिभावकों को स्कूल की मान्यता पर संदेह हुआ।

पेरेंट्स का कहना है कि बच्चों की वार्षिक परीक्षा पहले ही हो चुकी है, लेकिन अब दोबारा बोर्ड परीक्षा के लिए दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही आरोप है कि CBSE के नाम पर एडमिशन देकर मोटी फीस वसूली गई, जबकि स्कूल CBSE से संबद्ध नहीं है।

मामले को लेकर पेरेंट्स ने कलेक्टर से शिकायत कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। देर रात बड़ी संख्या में अभिभावक कलेक्टर बंगले पहुंच गए, जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।

स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पेरेंट्स को समझाइश देकर शांत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच कर स्कूल प्रबंधन से चर्चा की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई