मनरेगा और महंगाई के मुद्दों पर कांग्रेस का विधानसभा घेराव आज, 30 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा

मनरेगा, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज विधानसभा का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, मनरेगा का नाम बदलने, बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों से जुड़े मुद्दों, धान खरीदी में वादाखिलाफी, गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि, कानून व्यवस्था और नशे के कारोबार जैसे मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है।

इस घेराव में सचिन पायलट, भूपेश बघेल, चरणदास महंत, टी.एस. सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पार्टी का दावा है कि प्रदेशभर से 30 हजार से अधिक कार्यकर्ता राजधानी पहुंचेंगे।

प्रदर्शन के तहत कार्यकर्ता शंकर नगर स्थित केनाल रोड पर भारत माता चौक में एकत्र होंगे। सभा के बाद दोपहर 12 बजे विधानसभा की ओर कूच किया जाएगा।

विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। केनाल रोड पर शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक और भारत माता चौक से आनंद नगर चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। पंडरी की ओर से आने वाले वाहन शांति नगर से मधु पिल्ले चौक होते हुए आईजी कार्यालय गली से शंकर नगर की ओर जा सकेंगे, जबकि आनंद नगर चौक से पंडरी जाने वाले वाहन भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक और ऑक्सीजोन मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई