ई-KYC के कारण हजारों हितग्राही राशन से वंचित, विधानसभा में हंगामा; विपक्ष का वॉकआउट

रायपुर। रायपुर में सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही के दौरान राशन वितरण और e-KYC का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। विपक्ष ने आरोप लगाया कि e-KYC पूरा नहीं होने के कारण हजारों हितग्राही राशन से वंचित हो रहे हैं। इस पर जवाब मांगते हुए विपक्ष ने खाद्य मंत्री से स्पष्टीकरण मांगा।
सदन में प्रश्नकाल के दौरान विधायक दिलीप लहरिया ने राशन आवंटन का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि कितने हितग्राहियों का e-KYC अभी तक नहीं हो पाया है और उन्हें राशन क्यों नहीं मिल रहा है।
इस पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने बताया कि 64,428 हितग्राहियों का e-KYC प्रक्रिया में छूट गया है, जबकि 15,758 लोगों का e-KYC अब तक नहीं हो पाया है।
मंत्री के जवाब पर असहमति जताते हुए विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि 1 लाख 44 हजार से ज्यादा लोगों का राशन रुक गया है, जिससे गरीब परिवारों को परेशानी हो रही है।
मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि जिन हितग्राहियों का e-KYC अभी तक नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करवा लें ताकि उन्हें राशन मिलने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
हालांकि मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने दूसरी बार सदन की कार्यवाही का बहिष्कार (वॉकआउट) कर दिया और मामले की गंभीर जांच तथा प्रभावित हितग्राहियों को तुरंत राहत देने की मांग की।





