जगदलपुर में पालतू कुत्ते का आतंक: राहगीरों पर झपटा, CCTV में कैद हुई घटना

जगदलपुर। शहर के बृजराज नगर इलाके में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पालतू कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और राह चलते लोगों पर झपटने लगा। कुत्ते के हमले से कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
जानकारी के अनुसार कुत्ते का मालिक रोज की तरह रात के समय उसे घर के बाहर छोड़ देता था। इस बार कुत्ते का व्यवहार अचानक बदल गया और वह सड़क से गुजर रहे लोगों पर हमला करने लगा। अचानक हुए हमले से राहगीरों में घबराहट फैल गई।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ता राहगीरों की ओर तेजी से झपटता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि समय रहते लोगों ने सतर्कता बरती और स्थिति को संभाल लिया, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पालतू जानवरों को खुले में छोड़ने को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कुत्ते को काबू में नहीं किया जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।





