स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फैसला: अस्पतालों में संलग्न कर्मचारी हटाए जाएंगे, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए जिला अस्पतालों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में किए गए कर्मचारियों के संलग्न को समाप्त करने की घोषणा की है। इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने यह घोषणा विधायक प्रबोध मिंज के सवाल के जवाब में सदन में की। विधायक ने सरगुजा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वीकृत पदों और वर्तमान में पदस्थ कर्मचारियों की जानकारी विधानसभावार मांगी थी।
उन्होंने यह भी पूछा कि कौन-कौन से कर्मचारी कब से और कहां अन्यत्र संलग्न किए गए हैं, रिक्त पदों की पूर्ति कब तक की जाएगी और कर्मचारियों की नियुक्ति कब तक होगी। इसके साथ ही सरगुजा जिले में भवनविहीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी भी मांगी गई।
मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पतालों में किए गए संलग्न समाप्त किए जाएंगे, ताकि कर्मचारियों की नियमित पदस्थापना अपने मूल स्थानों पर हो सके और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार हो। साथ ही रिक्त पदों की पूर्ति और भवन निर्माण को लेकर भी विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





