मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीयों के लिए स्पेशल फ्लाइट्स शुरू, एयर इंडिया और इंडिगो ने बहाल की सेवाएं

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच वहां फंसे भारतीयों के लिए राहत की खबर सामने आई है। भारतीय एयरलाइंस ने दुबई, अबू धाबी और शारजाह समेत कई पश्चिम एशियाई शहरों से आने-जाने के लिए विशेष उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया है, जिससे यात्रियों को अपने घर लौटने में मदद मिलेगी।

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने के लिए कुल 58 निर्धारित और विशेष उड़ानों का संचालन कर रही है। वहीं इंडिगो ने भी बुधवार से मिडिल ईस्ट के आठ गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की घोषणा की है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार 9 मार्च को पश्चिम एशिया से भारतीय एयरलाइंस ने 45 उड़ानें संचालित की थीं, जिनके जरिए 7 हजार से अधिक यात्री भारत पहुंचे। सरकार का कहना है कि क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात से आने-जाने वाली कई विशेष उड़ानों का संचालन कर रही हैं। एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से जेद्दा के लिए एक-एक राउंड ट्रिप उड़ान चला रही है, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस हैदराबाद और कोझिकोड से जेद्दा के लिए उड़ान संचालित कर रही है।

इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए अपनी नियमित सेवाएं भी जारी रखेगी। इसमें दिल्ली, मुंबई, कन्नूर, तिरुवनंतपुरम और तिरुचिरापल्ली से एक-एक राउंड ट्रिप और कोच्चि से दो राउंड ट्रिप उड़ानें शामिल हैं।

इंडिगो ने भी बताया है कि वह धीरे-धीरे मिडिल ईस्ट में अपनी उड़ान सेवाओं को बहाल कर रही है ताकि यात्री अपने परिवारों से मिल सकें और अपनी यात्रा जारी रख सकें। कंपनी ने यूरोप के कुछ गंतव्यों के लिए भी सीमित उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालातों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा और उड़ान सेवाओं की निरंतरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

मंत्रालय ने यह भी बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने अतिरिक्त आगमन और प्रस्थान स्लॉट की व्यवस्था की है। साथ ही दुबई, अबू धाबी, शारजाह, रस-अल-खैमाह, अल-अलन, फुजैरा, जेद्दा और मदीना जाने वाली उड़ानों के लिए जरूरत पड़ने पर मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को वैकल्पिक एयरपोर्ट के रूप में उपयोग करने की अनुमति दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button