मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच छत्तीसगढ़ सरकार सतर्क, नागरिकों की मदद के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

रायपुर। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध और मिडिल ईस्ट में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने एहतियाती कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने पश्चिम एशिया में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता और समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार लेखा अजगल्ले, लॉयजन अधिकारी, कार्यालय आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन नई दिल्ली को इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्हें पश्चिम एशिया क्षेत्र में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की स्थिति पर नजर रखने, उनके आवागमन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य सरकार ने नागरिकों की सुविधा के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक मोबाइल नंबर 8349840582, कार्यालयीन दूरभाष 011-46156000 और फैक्स नंबर 011-46156030 पर संपर्क कर सकते हैं।
सरकार का कहना है कि यदि पश्चिम एशिया में हालात और बिगड़ते हैं तो वहां फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।






