रायपुर स्मार्ट सिटी के कार्यों की होगी जांच, विधानसभा में मंत्री अरुण साव ने की घोषणा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के बीच रायपुर स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों की जांच कराने की घोषणा की गई। सदन में सत्ता पक्ष के ही विधायकों ने स्मार्ट सिटी के कामों में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, जिसके बाद नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने जांच कराने की बात कही।

भाजपा विधायक सुनील सोनी ने कहा कि रायपुर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब 30 करोड़ रुपये के काम हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ म्यूजिकल फाउंटेन पर ही 5.24 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत पर पहले भी केंद्र सरकार ने जांच कराई थी, जिसमें करीब 18 लाख रुपये खर्च हुए थे और उस जांच रिपोर्ट को सदन के पटल पर रखा जाना चाहिए।

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और धर्मलाल कौशिक ने भी स्मार्ट सिटी के कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। इस पर मंत्री अरुण साव ने कहा कि किसी भी शिकायत और गड़बड़ी की जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

इसी दौरान कांग्रेस विधायक द्वारिकाधीश यादव ने ध्यानाकर्षण के माध्यम से शिरपुर महोत्सव के आयोजन में आय-व्यय और संचालन व्यवस्था में कथित अनियमितता का मुद्दा उठाया।

इस पर संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जवाब देते हुए बताया कि महोत्सव के आयोजन के लिए 15 लाख रुपये का आबंटन किया गया था और सभी जानकारी चिन्हारी पोर्टल पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार के लिए विभाग द्वारा 10 लाख रुपये खर्च किए गए और यह कहना उचित नहीं है कि आयोजन में अनियमितता हुई है।

द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी एक कार्यक्रम के लिए करीब 60 लाख रुपये लेते हैं। इस पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बाहर से आए अतिथि कलाकारों को प्रशासन द्वारा ऑन रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। विधायक द्वारा जांच की मांग उठाए जाने पर मंत्री ने मामले की जांच कराने की बात कही।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई