भाजपा नेता के खेत में अवैध अफीम की खेती का खुलासा, 4 ट्रैक्टर फसल जब्त

दुर्ग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता के खेत में अवैध रूप से उगाई जा रही अफीम की फसल बरामद की है। करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में लगी अफीम की पूरी फसल को उखाड़कर जब्त किया गया है। जब्त फसल का वजन लगभग 62 हजार किलो बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपये आंकी गई है।
मामला जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के समोदा और झेनझरी गांव के बीच स्थित खेत का है। पुलिस ने छापेमारी कर खेत में उगाई गई अफीम की फसल को उखाड़कर चार ट्रैक्टर में भरकर सुरक्षित स्थान पर रख दिया है। फसल को नष्ट करने के लिए पर्यावरण विभाग से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद पैनल की मौजूदगी में पूरी फसल नष्ट की जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि अफीम के खेत की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। शिवनाथ नदी की ओर लगी फेंसिंग में गेट के पास करंट वाले तार जोड़े गए थे, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति खेत में प्रवेश न कर सके। खेत के बाहर सुरक्षा के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे।
पुलिस ने 6 मार्च को खेत में छापा मारकर कार्रवाई शुरू की थी। 10 मार्च तक सभी पौधों को उखाड़कर बोरी में भरा गया और बाद में ट्रैक्टर में लोड कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। शुरुआत में फसल नष्ट करने के लिए पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन फसल की मात्रा ज्यादा होने के कारण बाद में बुलडोजर की मदद ली गई। मनरेगा के मजदूरों को भी इस काम में लगाया गया।
मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने के कारण उनकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी के घर और गोदाम में भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान 10 ग्राम अफीम, 200 ग्राम खसखस, अफीम के बीज, चीरा लगाने वाले औजार, सात बोरी डोडा, एक ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार इनका इस्तेमाल अफीम की खेती और उससे जुड़ी गतिविधियों में किया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह प्रीतिबाला और मधुमती ताम्रकार के नाम पर दर्ज है, जो आरोपी की रिश्तेदार बताई जा रही हैं। दोनों महिलाओं के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने अफीम की खेती की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





