रिलीज से पहले ही धुरंधर 2 की जबरदस्त कमाई, एडवांस बुकिंग में 8 करोड़ से ज्यादा जुटाए

रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर 2 को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हो रही है। अब फिल्म की एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े सामने आए हैं, जो काफी चौंकाने वाले माने जा रहे हैं।
फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जबकि 18 मार्च को इसके पेड प्रिव्यू शो रखे गए हैं। रिलीज से करीब 10 दिन पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है और पहले ही दिन इसने 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है।
रिपोर्ट के मुताबिक धुरंधर 2 के पेड प्रिव्यू शो के लिए अब तक करीब 1 लाख 42 हजार टिकट बिक चुके हैं। इन टिकटों से फिल्म ने लगभग 8.83 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। अगर ब्लॉक सीट्स को भी शामिल किया जाए तो यह आंकड़ा करीब 13.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म के कुल 6684 शो निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 6457 शो हिंदी भाषा में हैं। हिंदी में ही लगभग 1 लाख 35 हजार टिकट बिक चुके हैं। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में फिल्म की सबसे ज्यादा ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है।
धुरंधर का पहला भाग बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुआ था और एडवांस बुकिंग में भी उसने करीब 9 से 10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब दूसरे भाग की शुरुआती बुकिंग को देखते हुए माना जा रहा है कि यह फिल्म पहले पार्ट का रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है।
हालांकि नेशनल चेन्स में सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग वाली फिल्मों की सूची में अभी धुरंधर 2 काफी पीछे है। इस सूची में पहले स्थान पर एवेंजर्स एंडगेम है, जिसके लगभग 9 लाख 75 हजार टिकट बिके थे। इसके बाद बाहुबली 2, जवान, पठान और स्पाइडर मैन नो वे होम जैसी फिल्में शामिल हैं।





