मार्च की शुरुआत में बढ़ी गर्मी, राजनांदगांव में 38 डिग्री पारा

छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है।

दिन में तेज गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में इस समय कोई भी सक्रिय मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है, जिसके कारण अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

राजधानी रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार शहर में हल्की धुंध रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सर्दियों का असर कम होने के साथ ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। फरवरी के अंत में प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति भी बनी थी, लेकिन फिलहाल मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है।

रायपुर में फरवरी महीने के मौसम के पुराने रिकॉर्ड भी काफी दिलचस्प रहे हैं। 9 फरवरी 1893 को यहां अब तक की सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई थी, जब तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। वहीं 28 फरवरी 2009 को तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था, जो फरवरी का सबसे गर्म दिन माना जाता है।

इतिहास में 4 फरवरी 1917 को रायपुर में 24 घंटे के भीतर 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि 1901 में फरवरी महीने में कुल 118.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी धीरे-धीरे और बढ़ सकती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई