रायपुर में गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप, डॉग रेस्क्यू टीम की सदस्य पर केस दर्ज

रायपुर में पालतू कुत्ते की देखभाल को लेकर हुए विवाद में गर्भवती महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को पशु प्रेमी रेस्क्यू संस्था की सदस्य बताने वाली महिला और उसकी सहयोगी ने बीच सड़क गर्भवती महिला को थप्पड़ मारा, टी-शर्ट खींची और धक्का दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पीड़िता गुरप्रीत कौर इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करती हैं और भिलाई के नेहरू नगर की रहने वाली हैं। जानकारी के अनुसार 27 फरवरी को वह रायपुर के भाठागांव इलाके के एक होटल में अपने दो पालतू कुत्तों के साथ आई थीं। कुछ समय के लिए वह कुत्तों को होटल में छोड़कर निजी काम से बाहर चली गई थीं।
दोपहर में जब वह वापस लौटीं तो खुद को पशु प्रेमी संस्था की पदाधिकारी बताने वाली किरण घनश्याम आहूजा और उनकी टीम के सदस्य उनसे मिले। आरोप है कि कुत्तों की ठीक से देखभाल नहीं करने का आरोप लगाते हुए किरण आहूजा ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई और थप्पड़ मार दिया। इस दौरान टीम के अन्य सदस्य भी विवाद में शामिल हो गए।
पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर दूसरी महिला सदस्य ने भी उन्हें थप्पड़ मारा और धक्का दिया। इसके बाद टीम के सदस्य उनके पालतू कुत्ते और मोबाइल फोन को अपने साथ ले गए।
घटना के बाद गुरप्रीत कौर ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने किरण आहूजा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





