Conversion or land dispute: कुंदरापारा में दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट का वीडियो वायरल
पुलिस ने कहा- पुरानी रंजिश का है मामला

न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से हिंसा की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, (Conversion or land dispute) जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुंदरापारा इलाके में दो पक्षों के बीच मामूली बात से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला करते नजर आ रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी घटना को सोशल मीडिया पर ‘धर्मांतरण’ के विवाद से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की थ्योरी कुछ और ही बयां कर रही है।
धर्मांतरण या जमीनी विवाद? (Conversion or land dispute)
यह वायरल वीडियो सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा,कुंदरापारा का बताया जा रहा है, जो करीब 20 दिन पुराना है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पुरुष और महिलाएं एक-दूसरे पर लात-घूंसों और डंडों की बरसात कर रहे हैं। इस विवाद को लेकर एक पक्ष का गंभीर आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग धर्मांतरित हो चुके हैं और वे मोहल्ले के अन्य लोगों पर भी धर्म परिवर्तन के लिए लगातार अनैतिक दबाव बना रहे थे।
इसी दबाव और विरोध के चलते बात इतनी बढ़ गई कि मोहल्ला जंग के मैदान में तब्दील हो गया। जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर फैला, इसे लेकर सांप्रदायिक और धार्मिक रंग देने की कोशिशें शुरू हो गई हैं, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है…….
मारपीट को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
दूसरी ओर, इस पूरे मामले में पुलिस का पक्ष धर्मांतरण के दावों से बिल्कुल विपरीत है। पुलिस के मुताबिक, यह कोई धार्मिक विवाद नहीं बल्कि आपसी पारिवारिक और जमीन से जुड़ा झगड़ा है। जांच में यह बात सामने आई है कि मारपीट करने वाले दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके बीच लंबे समय से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद जब दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, तब किसी ने भी धर्मांतरण का जिक्र नहीं किया था। फिलहाल, सिरगिट्टी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है





